भानपुर। सोनहा थाना क्षेत्र के बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर वनवधिया के सड़क के किनारे लगे कटीले तार से टकराकर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक सड़क पर पड़े गन्ने की डंठल की वजह से फिसल कर अनियंत्रित हो गई थी ।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार 55 वर्षीय लक्ष्छीराम निवासी जगदीपुर उर्फ नौगढ़वा व 30 वर्षीय मोहम्मद इम्तियाज निवासी भानपुर लोहे के कटीले तार से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर 2:35 बजे तब हुआ जब दोनों लोग डुमरियागंज की ओर से एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। लोहे के कटीले तार सड़क किनारे वन विभाग की ओर से पौधों की सुरक्षा के लिए लगवाए गए हैं।
घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सचिन चौधरी ने बताया कि लक्ष्छीराम के बाएं हाथ में गहरे घाव हैं। मोहम्मद इम्तियाज के दोनों पैर में गंभीर चोटे आई हैं। संवाद