जसोवर झील की खुदाई शुरू
बस्ती। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी व डीएम प्रियंका निरंजन ने सोमवार को सल्टौआ गोपालपुर ब्लॉक के कनेथू बुजुर्ग गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं, उन्होंने
समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस मौके पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इसके पूर्व जिला पंचायत की ओर से 4.72 करोड़ की लागत से जसोवर ताल में वर्षा जल संचयन व भूजल रिचार्ज के लिए खुदाई और बांध निर्माण के कार्य के लिए भूमि पूजन भी किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक गांव में अधिकारी चौपाल लगाकर समस्याओं की सुनवाई कर रहे हैं और योजनाओं से वंचित लोगों को लाभ दिलाया जा रहा है। डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री आरोग्य जन योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड से पूरे परिवार को पांच लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा अस्पतालों में मिल सकेगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत गांव में कुल 84 लोगों की ईकेवाईसी नहीं हो पाई है। इसमें से 66 व्यक्ति मृतक, आयकर दाता या अन्य कारणों से अपात्र हैं। उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार ने शेष 18 लोगों से ईकेवाईसी कराने को कहा। उपनिदेशक दिव्यांगजन अनूप कुमार सिंह ने दिव्यांग प्रमाणपत्र के बारे में जानकारी दी। चौपाल का संचालन सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और कुछ लोगों को बूस्टर डोज भी लगाए गए। इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह, ग्राम प्रधान सुमन मिश्रा, अबूबकर, रजनीश चौधरी, एसडीएम भानुपर जीके झा, जिला पंचायत के एएमए विकास मिश्रा, सरयू नहर के एक्सईएन राकेश कुमार गौतम, डॉ. अश्विनी तिवारी, सुशील मिश्रा आदि मौजूद रहे।