महादेवा। बनकटी बीआरसी में रविवार को खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव को विदाई दी गई। चार साल एक माह तक यहां सेवाएं देने के बाद उनका स्थानांतरण सिद्धार्थनगर हो गया है। विदाई समारोह में शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि अरुण कुमार यादव ने हमेशा शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का प्रयास किया। विद्यालयों में नामांकन, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए भी उन्होंने विशेष प्रयास किए। इस दौरान वे भावुक हो गए। कहा कि बनकटी में बिताया समय परिवार के साथ रहने जैसा रहा। यहां के शिक्षकों और कर्मचारियों का स्नेह हमेशा याद रहेगा। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित भाव से काम करते रहने की अपील की। मोहम्मद हासिम, दीपेंद्र पाल, अभय सिंह यादव, मोहम्मद इकबाल, राघवेंद्र उपाध्याय, चंद्रशेखर वर्मा, अजय पाल, सतीश चंद्र यादव, अतुल कृष्ण राज, रघुवर पांडेय, ध्रुव चंद्र यादव, राशि, नीलम मौजूद रहे।