आयुष्मान कार्ड, एएनएम सेंटर के कायाकल्प व अधूरे पआंगनबाड़ी भवन केंद्र की जानी स्थिति
संवाद न्यूज़ एजेंसी
गौर। ब्लॉक सभागार में बुधवार को साप्ताहिक बैठक हुई। इसमें बीडीओ रमेश दत्त मिश्र ने कर्मचारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति, एएनएम सेंटर के कायाकल्प, अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र भवन को पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्य हर हाल में समय से पूरा होना चाहिए। ऐसा न होने पर संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ ने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र में 26 एएनएम सेंटर संचालित हो रहे हैं। इसमें अधिकतर की हालत खराब है। सभी ग्राम पंचायत सचिवों को सख्त निर्देश दिए गए। कहा कि हर हाल में एएनएम सेंटरों का शीघ्र कायाकल्प करना सुनिश्चित करें, जिससे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी केंद्रों पर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। यह भी कहा कि आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों का शीघ्र कार्ड बनाना सुनिश्चित करें। धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों में सुधार लाने की चेतावनी दी।
बीडीओ ने कहा कि ग्राम पंचायत सरनागी में आज भी आंगनबाड़ी भवन कक्ष का निर्माण अधूरा है। संबंधित सचिव को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों में रुचि न लेने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एडीओ पंचायत श्याम बिहारी, सचिव सुधीर सिंह, महेंद्र नाथ, श्याम भारती, कौशलेंद्र पाल, प्रशांत पांडेय आदि मौजूद रहे।