गौर। गौर ब्लॉक सभागार में बीडीओ वर्षा बंग ने रोजगार सेवकों की बैठक की। बैठक में 46 रोजगार सेवक उपस्थित हुए, जबकि 32 रोजगार सेवक समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पाए गए। बीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित 32 रोजगार सेवकों का मानदेय रोक दिया है।
बीडीओ वर्षा बंग ने बताया की ब्लॉक में आयोजित समीक्षा बैठक में जॉब कार्ड धारकों का जॉब कार्ड संख्या,आधार और मोबाइल नंबर अपग्रेडेशन का कार्य रोजगार सेवकों की ओर से किया जा रहा है।जिसकी समीक्षा हर सप्ताह हो रही है। इसी को लेकर समीक्षा होनी थी, लेकिन अधिकांश रोजगार सेवक विकास कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं। बार-बार निर्देश के बाद भी अपने कार्यों में उदासीनता बरत रहे हैं। जो लापरवाही की श्रेणी में आता है। बैठक में फटकार लगाते हुए अनुपस्थित रोजगार सेवकों को अपनी आदत में सुधार लाने की नसीहत दी और कहा कि अगली साप्ताहिक बैठक में यदि बिना किसी सूचना के कोई भी कर्मी अनुपस्थित पाया गया। तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने कहा कि सरकार की ओर से संचालित हो रही योजनाओं को हर हाल में गरीब व्यक्तियों के पास पहुंचना चाहिए।
इन गांवों के रोजगार सेवक रहे अनुपस्थित
ऐनपुर, असनहरा, बभनगांवा कला, बभनगांवा खुर्द, बढ़नी, बलुआ चौबे, भौखरी,चनईपुर, डमरूआ जंगल, डुहवा, गोनहा, इटहिया, इटबहरा, कछिया, कठौतया सावडीह, कटया नौवडीहा, कुचरूपुर, मझौवा दूधनाथ, मुसहा बरहपेडा, पड़री, पकड़ी जप्ती, परसागना, रामापुर, रानीपुर, रमवापुर, सरदहा शुक्ल, सावडीह, सुमही, तेनुईचेत सिंह आदि शामिल हैं।