नदी में गिरी बाइक, युवक की मौत
- बाइक पर सवार दूसरे युवक की हलत नाजुक
- वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गंधरिया गजराज के पास की घटना
- बड़े भाई का मंगलवार को दावते-वलीमा था, डीजल लेने जाते समय घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परिवार में बहूभोज की तैयारी के बीच डीजल लाने निकले युवक की बाइक वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया-भौखरी मार्ग पर गंधरिया गजराज के पास कठिनईया नदी में गिर गई। बाइक पर सवार दो युवक पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और निजी वाहन जिला अस्पताल ले जा रहे थे। उनमें से 22 वर्षीय जुनैद की रास्ते में ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरे को भर्ती कराया गया है। बाद में पहुंची पुलिस ने नदी में गिरी बाइक भी बाहर निलवाया। खबर मिलते ही परिवार में छाई शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
रुधौली थाना क्षेत्र के दुदराक्ष निवासी जुनैद अहमद (22) के भाई की सोमवार को शादी थी। मंगलवार को बहूभोज का आयोजन था। जिसकी तैयारी में पूरा परिवार व्यस्त था। इसी दौरान अपने के शफीक (19 वर्ष ) के साथ बाइक से जुनैद डीजल लाने के लिए निकला। गंधरिया गजराज के पास एक मोड़ पर बाइक बेकाबू हो गई। बाइक समेत जुनैद व शफीक नदी में जा गिरे। मां साहिदा खातून, बड़े भाई अंसार अहमद, मुश्ताक अहमद, एजाज अहमद, रियाज अहमद का रो-रोकर बुरा हाल था। पांच भाईयों में सबसे छोटे जुनैद 30 मई को गोवा से घर लौटे थे। वह यहां अपने बड़े भाई के साथ रहकर कक्षा दस की पढ़ाई कर रहे थे। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज दुर्विजय कुमार ने बताया जुनैद की मौत की सूचना मिली है।
---