बस्ती। बस्ती रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत संवारा जाएगा। इसको लेकर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस पर करीब 16 करोड़ रुपए खर्च होंगे। लखनऊ-गोरखपुर रूट के इस स्टेशन पर नई सुविधाओं के साथ ही पुरानी सुविधाओं को भी उच्चीकृत किया जाएगा।
योजना के तहत हो काम बस्ती स्टेशन पर होंगे उसको लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि मेन एंट्री सरकुलेटिंग एरिया को संवारा जाएगा। स्टेशन की बाउंड्री वॉल को स्थानीय कला व संस्कृति को शामिल करते हुए संवारा जाएगा। स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन फसाड पर लाईटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, अनाउंसमेंट तकनीक, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर के साथ कई यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। स्टेशन से प्रतिदिन करीब 9000 यात्रियों का आवागमन होता है। यहां से छह पैसेंजर, 104 एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं और दो इंटरसिटी गाड़ियां भी चलती हैं।