उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। कलवारी थाना इलाके के अंतर्गत माझा खुर्द घाट पर रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सरयू नदी में स्नान कर रही तीन बालिकाएं गहरे पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाला। एक ठीक थी, जबकि दो बालिकाओं को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य बहादुरपुर कलवारी भेजा गया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कलवारी थाना क्षेत्र के भंगुरा गांव अनिल की बेटी नैना (12) व राकेश की बेटी शिव कुमारी (11) और रेनू (13) एक साथ स्नान करने के लिए पहुंचीं। नदी में उतरते ही पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में डूबने लगी।
आसपास स्नान कर रहे लोगों और नाविकों ने आनन-फानन तीनों को बाहर निकाला। पुलिस दोनों शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन कलवारी अस्पताल पर पहुंचे। दोनों बेटियों की मौत की सूचना पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।