बस्ती। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने मंगलवार को जमीन की पैमाइश के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत लेते समय चकबंदी विभाग के कानूनगो को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली में आरोपी कानूनगो राकेश कुमार सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत टीम प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने केस दर्ज कराया है। बुधवार को आरोपी कानूनगो को गोरखपुर में एंटी करप्शन न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कलवारी क्षेत्र के बैजलपुर निवासी राम जियावन जमीन की पैमाइश के लिए काफी दिनों से चकबंदी विभाग का चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि कानूनगो ने इसके लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। राम जियावन ने तीन अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती यूनिट मेंं शिकायत दर्ज कराई। पांच अगस्त को शिकायतकर्ता फिर एंटी करप्शन कार्यालय पहुंचा। मंगलवार को रुपये देने की बात तय हुई। न्याय मार्ग स्थित चकबंदी कार्यालय के पास की चाय की दुकान पर राम जियावन ने कानूनगो राकेश कुमार सिंह को रुपये देने के लिए बुलाया। रुपये देते समय टीम ने आरोपी कानूनगो निवासी कठेला समय माता स्थान जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार कर लिया।