- सांसद हरीश द्विवेदी के प्रयासों से स्वीकृत हुआ प्रस्ताव
- मंदिर परिसर में विश्रामालय, सीसी, इंटरलॉकिंग आदि का होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। नगर पंचायत के अंबेडकर नगर वार्ड के बांसापार में स्थित बरम बाबा मंदिर का कायाकल्प करीब दो करोड़ रुपये से कराया जाएगा। शासन ने स्वीकृति देते हुए धन का आवंटन कर दिया है। इससे मंदिर परिसर में भव्य बनाने के साथ ही सुंदरीकरण का कार्य होगा। उल्लेखनीय है कि बरम बाबा मंदिर क्षेत्र के प्राचानी मंदिरों में शुमार है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। पूर्व में सांसद हरीश द्विवेदी ने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए नगर विकास विभाग के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजवाया था। शासन ने 28 फरवरी को इस पर मोहर लगाते हुए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति किया है। सभासद बाबूराम चौधरी ने बताया कि मंदिर के जीर्णाद्धार के लिए लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था। इससे मंदिर का संपर्क मार्ग, विश्रामालय, वाटर किओस्क, छादक, प्रकाश व्यवस्था, बेंच, परिसर सौंदर्यीकरण, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग का काम होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद पाल ने बताया कि मंदिर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।