एपीएन पीजी कॉलेज में क्रिकेट मैच खिलाड़ी को किया गया पुरस्कृत। संवाद
बेहतर प्रदर्शन करने पर तीन खिलाड़ियों को मिला मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एपीएन पीजी कॉलेज में दस दिवसीय बस्ती प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को आधा दर्जन टीमों के बीच मैच हुआ। तीनों मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। पहला मैच जिला बलिया और रौता ब्लास्टर के बीच हुआ। बलिया की टीम ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवर में 112 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी रौता ब्लास्टर की टीम महज 109 रन बनाकर ढेर हो गई। बलिया की टीम से शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जग्गू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच गौरा गनेशपुर व रेड किलर के बीच खेला गया। रेड किलर ने टॉस जीत कर गौरा गनेशपुर की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। गौरा गनेशपुर की टीम 50 रन बनाकर कर ऑलआउट हो गई। जवाब में रेड किलर की टीम ने चार ओवर में ही गौरा गनेशपुर की टीम को परास्त कर दिया। टीम के रिशू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरा मैच केसीए बस्ती और बैदोलिया के बीच खेला गया। केसीए बस्ती की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और विनय चौधरी व अभिनव के दम पर दस ओवर में 111 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बैदोलिया की टीम 98 रन पर ढेर हो गई। बेहतरनी बल्लेबाजी व गेंदबाजी करने पर अभिनव ने मैन ऑफ द मैच चुना गया। कमेंट्री ऋषभ पांडेय व हर्षित वर्मा ने किया। टूर्नामेंट के संयोजक एपीएन पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह ने सभी टीम के खिलाड़ियों को और बेहतर खेलने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, आदित्य युवराज, पंकज चौधरी, आलोक व युवराज सिंह आदि मौजूद रहे।