दुकानदार ने मोहल्ले के तीन लोगों पर लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के मड़वानगर में बाइक की डिक्की में रखा सोना-चांदी वाला बैग किसी ने चोरी कर लिया। दुबौलिया बाजार में आभूषण की दुकान करने वाले दुकानदार ने इसी मोहल्ले के तीन लोगों पर आरोप लगाया है। बैग में रखे जेवरात की कीमत 2.95 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुबौलिया बाजार निवासी आकाश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दुबौलिया में ही उनकी आभूषण की दुकान है। 28 मार्च को दुकान का सोना-चांदी एक बैग में रखकर बाइक की डिक्की में रख ली थी। दुकान जाने लगा तो उसी समय शहर कोतवाली की मड़वानगर निवासी कविता ने फोन किया और बाइक लेकर उसके घर चला गया।
कविता ने बाइक को वहां से हटवाने के लिए चाभी ले ली। आरोप है कि बाहर जाकर राजू नाम के एक व्यक्ति को चाभी दे दी। इसके बाद उसने डिक्की में रखा बैग निकाल लिया। आरोप है कि इनकी मिलीभगत से ही बैग चोरी हुआ। कोतवाली पुलिस ने कविता, उसके बेटे व राजू पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।