72 घंटे वाहनों के लिए बंद रहेगा अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन
बस्ती। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन से होकर यात्रा करने की योजना बना रहे मुसाफिरों को आगाह किया जा रहा है कि आगामी 23 जुलाई से 72 घंटे तक अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन वाहनों के लिए बंद रहेगा। लिहाजा चार दिन तक खलीलाबाद और अयोध्या से बस्ती की तरफ कोई वाहन नहीं जाने दिया जाएगा।
23 जुलाई की आधी रात से 26 जुलाई की आधी रात तक फोरलेन सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान गोरखपुर से होकर फैजाबाद लखनऊ आने-जाने वाले वाहन परिवर्तित मार्ग से चलाए जाएंगे। इस बार ध्यान रखा जा रहा है कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी तरह की कोई भी समस्या उत्पन्न न होने पाए।
कांवड़िए अयोध्या से सरयू का जल लाकर 26 जुलाई को तेरस पर बस्ती के भद्रेश्वरनाथ समेत विभिन्न शिवालयों में भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। डीआईजी आरके भारद्वाज के मुताबिक 23 जुलाई से ही कांवड़िए अयोध्या के लिए रवाना होने लगेंगे। वापसी 25 जुलाई की रात तक होगी। इसके चलते गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन संतकबीरनगर-बस्ती से अयोध्या के बीच चार दिन बंद रहेगा।
श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व तेरस 26 जुलाई को है। लाखों की संख्या में कांवड़िए अयोध्या स्थित नए घाट जाते हैं और वहां से जल लेकर पैदल यहां भद्रेश्वरधाम आते हैं। अधिकारियों का कहना है कि 23 जुलाई की रात से ही भारी वाहन का संचलन रोक दिया जाएगा। एंबुलेंस और शव वाहन नहीं रोके जाएंगे। एक तरफ का टू लेन कांवड़ियों के लिए तो और दूसरी तरफ का पुलिस एवं प्रशासनिक वाहनों की आवाजाही के लिए होगा। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए जाएंगे। सुरक्षा प्लान को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
--
फोरलेन के डायवर्जन का खाका
- गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को संतकबीरनगर से डायवर्ट कर बखिरा, नंदौर, खेसरहा, बांसी होते हुए आगे रवाना किया जाएगा।
- गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन (सरकारी बस) बस्ती बड़ेवन ओवरब्रिज से मनौरी, बेवा चौराहा (डुमरियागंज) से उतरौला, गोंडा होते हुए लखनऊ जाएंगी।
- आंबेडकरनगर-टांडा से बस्ती की तरफ आने वाले वाहनों को कलवारी-धनघटा मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
- लखनऊ, फैजाबाद की तरफ से आने वाले वाहनों को कटरा, लकड़मंडी से नवाबगंज मनकापुर की ओर और गोंडा से आने वाले वाहनों को नवाबगंज से ही डायवर्ट कर मनकापुर, उतरौला, डुमरियागंज, बांसी, नन्दौर, बखिरा होते हुए गोरखपुर भेजे जाने की व्यवस्था होगी।
- लखनऊ-बाराबंकी की तरफ से गोरखपुर व बस्ती की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर सुविधानुसार डायवर्ट करने की व्यवस्था होगी।
----