संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शनिवार 20 जनवरी की आधीरात के बाद से फोरलेन पर अयोध्या की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अयोध्या की तरफ सिर्फ अयोध्या जनपद के यूपी 42 नंबर के वाहनों को जाने दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम आमंत्रण-पास धारकों के वाहन ही जाने दिए जाएंगे।
लखनऊ-बाराबंकी की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्जन रूट से वाया टांडा या डुमरियागंज भेजा जाएगा। एडिशनल एसपी ओपी सिंह ने बताया कि अयोध्या जिला प्रशासन की तरफ से तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक 21 जनवरी से वहां सिर्फ अयोध्या जनपद के यूपी-42 नंबर के वाहनों को प्रवेश की छूट दी जाएगी। इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए आमंत्रण प्राप्त आगंतुकों को भी जाने दिया जाएगा। बाकी वाहनों को किसी भी दशा में अयोध्या की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इससे पहले 14 जनवरी को सुबह से ही भारी माल वाहक व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन किया जा चुका है। एडिशनल एसपी ने बताया कि जिले के भीतर यदि किसी को कार्यक्रम या बरात लेकर जाना होगा तो पुलिस उन्हें नहीं रोकेगी लेकिन जिले के बाहर अयोध्या की तरफ उन्हें भी जाने की इजाजत नहीं होगी। शव वाहन, एंबुलेंस व राजकीय कार्य से जुड़े वाहनों का आवागमन यथावत रहेगा।