बस्ती। यदि आप रविवार की सुबह अयोध्या की तरफ जाने का मन बना रहे हैं तो कार्यक्रम स्थगित कर दीजिए। कारण यह कि आयोध्या की तरफ जाने वाला मार्ग डायवर्ट कर दिया गया है। श्रीराम के जन्म स्थान पर बने भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की अयोध्या में गहमागहमी को देखते हुए किसी भी अनधिकृत वाहन को उस तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। संवेदनशीलता को देखते हुए लोगों से अपील की जा रही है कि 22 जनवरी तक अयोध्या फोरलेन पर न जाएं। फोरलेन से होकर जिसे लखनऊ की तरफ जाना हो, उसके लिए कलवारी टांडा होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अथवा डुमरियागंज, मनकापुर होते हुए रूट निर्धारित किया गया है।
आकस्मिक सेवाओं और निमंत्रण प्राप्त आगंतुकों के अलावा अयोध्या की तरफ सिर्फ जनपद अयोध्या के यूपी-42 नंबर वाले वाहनों को जाने की इजाजत होगी। इसे सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग-बैरियर लगाकर वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। जिले के भीतर आए वाहनों को नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया से कलवारी की तरफ मोड़ा जा रहा है। इससे पहले हड़िया चौराहा और पॉलिटेक्निक चौराहे से भी वाहन डुमरियागंज की तरफ डायवर्ट किए जा रहे हैं।
उधर, अयोध्या से सटे जिले के बाॅर्डर एरिया की पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। एएसपी ओम प्रकाश सिंह ने कलवारी के टांडा पुल, राम जानकी मार्ग पर सघन जांच की। बॉर्डर एरिया में बने डायवर्जन प्वाइंट पर तैनात जवानों को ड्यूटी ब्रीफ की गई। उन्हें हिदायत दी गई कि वाहन लौटाते समय किसी से भी अमर्यादित व्यवहार बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी वाहन लेकर अयोध्या की ओर जाने के लिए पहुंचे, उसे शालीनता के साथ डायवर्जन रूट से होकर जाने की जानकारी देकर वापस भेजें।
...
इस तरह चलेगा यातायात
बस्ती से अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों को वाया टांडा अथवा डुमरियागंज, गोंडा होकर भेजा जाएगा। इसके लिए अगर कोई पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया चौराहे-पॉलिटेक्निक चौराहे से आगे बढ़ेगा, उसे डुमरियागंज की ओर मोड़ दिया जाएगा। कोतवाली व नगर थानाक्षेत्र के हाईवे पर फुटहिया से कलवारी-टांडा मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। हर्रैया से बभनान रोड पर, छावनी से राम जानकी मार्ग पर और विक्रमजोत से राम जानकी मार्ग या गोंडा जिले की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसी तरह लखनऊ की ओर से बस्ती-गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहनों को बाराबंकी राम सनेही घाट, उतरौला, मनकापुर होते हुए अथवा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आंबेडकरनगर-टांडा होते हुए भेजा जाएगा।