त्योहारी सीजन में वेब साइट पर ऑनलाइन ऑफर की भरमार
आए दिन लोग हो रहे ठगी के शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नवरात्र शुरू होने के साथ ही ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लुभावने ऑफर की भरमार है। ऑफर से जुड़े लिंक भी सोशल मीडिया पर हैं। इनमें साइबर ठगों के फर्जी लिंक भी शामिल हो सकते हैं, जिन पर क्लिक करने से आपका खाता खाली हो सकता है। त्योहार के सीजन में लोग जमकर खरीदारी करते हैं। ऐसे में साइबर ठग खरीदारी पर भारी छूट का झांसा देकर लोगों को फंसाते हैं।
साइबर ठग होटल बुकिंग, सस्ते दाम पर फ्लाइट बुकिंग, ऑनलाइन खरीदारी, इलेक्ट्राॅनिक सामान पर भारी छूट आदि तरीके इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसलिए भारी छूट के विज्ञापन अगर सोशल मीडिया पर नजर आए तो सावधान रहने की जरूरत है। साइबर ठग लोगों को शिकार बनाने के लिए फर्जी विज्ञापन देकर भी जाल में फंसाते हैं और लिंक के जरिये खाते की जानकारी हासिल कर ठगी करते हैं। इसलिए त्योहार के सीजन में लुभावने ऑफर मिलने पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
साइबर थाने के इंस्पेक्टर विकास यादव ने बताया कि मौजूदा समय में साइबर ठग बेहद सक्रिय हैं। त्योहार के मौके पर इनकी गतिविधियां बढ़ जाती हैं। यह विभिन्न कंपनियों व शोरूम से ग्राहकों का डाटा लेकर लोगों को कॉल व मैसेज के जरिये ऑफर के बहाने ठग सकते हैं। लोगों को चाहिए कि वह इस तरह के ऑफर के बहकावे में न आएं। फोन पर कोई जानकारी साझा न करें, लिंक क्लिक करने से भी बचें।
नगर थाना क्षेत्र के मल्हवारे निवासी देवेश पांडेय ने बताया कि उन्होंने पत्नी के लिए एक शोरूम से खरीदारी की थी। कुछ दिन बाद ही उनके पास फोन आया और बताया कि ग्राहकों का लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें उन्हें एप्पल मोबाइल फोन के लिए विजेता चुना गया है। कुछ औपचारिकता पूरी करने पर मोबाइल फोन आपको मिल सकता है। वह बहकावे में आ गए और उनके खाते से 29 हजार रुपये उड़ा लिए गए।
...
छूट के चक्कर में गंवाए रुपये
गांधीनगर निवासी सत्यप्रकाश ने छूट देखकर ऑनलाइन फ्रिज ऑर्डर किया। पांच दिन बाद उनका पार्सल आ गया। तत्काल कोई जरूरत नहीं थी, इसलिए उसकी पैकिंग नहीं खोली और ऑफर के साथ दिया गया रिटर्न टाइम बीत गया। बाद में कवर खोलकर उसका प्लग बिजली बोर्ड में लगाया तो तेज आवाज आने लगी। कंपनी के कस्टमरकेयर पर बात करने पर उसने लोकल रिपेयर को दिखाने की सलाह दी। एक रिपेयर को बुलाया तो उसने बताया कि इसका कंप्रेशर खराब है। फिर कस्टमरकेयर पर बात की तो उसने बता दिया कि कंप्रेशर की गारंटी नहीं होती।
...
बरतें सावधानी
- किसी को आधार या पैन कार्ड न भेजें।
- नए लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
- किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
- किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
- वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
- रात में सोते वक्त मोबाइल फोन पर इंटरनेट बंद करना भी ठगी से बचाता है।
- फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
- ठगी होते ही 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें।