बस्ती। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम के बाद यूं तो सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों के परिवार फूले नहीं समा रहे हैं, मगर जिनके बेटे व बेटियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सूची में नाम दर्ज कराया, उनके घर तो खुशियां बिखर गई हैं। परिवार के बाहर रहने वाले सदस्यों के बधाई संदेश दे रहे हैं। स्कूल में तो बैंडबाजा व पटाखों से खुशियां मनाई गईं। हाईस्कूल के टापर अथर्व के पिता नरेंद्र नाथ श्रीवास्तव अधिवक्ता हैं, जबकि माता अर्चना गृहिणी हैं। वहीं इंटर की टाप टेन की सूची में शामिल नेहा उपाध्याय सामान्य परिवार की बेटी हैं। नेहा की माता रीता गृहिणी हैं, जबकि पिता डॉ. अखिलेश उपाध्याय हैं। वह हर्रैया में निजी प्रैक्टिस करते हैं। बेटी के इस सफलता पर डॉ. अखिलेश ने कहा कि उनका सिर बेटी ने ऊंचा कर दिया है। अब बारी है आईआईटी क्रेक कर खुद के भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का। वहीं दूसरी ओर प्रैक्सिस विद्या पीठ की छात्रा अनुष्का के पिता शिवप्रसाद स्वास्थ्य विभाग के रिटायर कर्मी हैं जबकि माता विमला देवी गृहिणी हैं। कहा कि बेटी ने उनका मान तो बढ़ा ही दिया, अब वह नीट में भी प्रथम स्थान हासिल करेगी। इसके लिए उनसे जो बन पड़ेगा बेटी के लिए करेंगे।