सिंगापुर के कार्यक्रम में पहुंचे आशुतोष श्रीवास्तव
बस्ती। बस्ती शहर के निवासी जेआरएफ बेंगलूरु के छात्र आशुतोष श्रीवास्तव सिंगापुर के इंटरनेशनल यूनियन आफ मेटेरियल रिसर्च सोसायटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में व्याख्यान देंगे। 26 से 30 जून तक होने वाले इस कार्यक्रम में वह स्पिनल आधारित थर्मोइलेक्ट्रिक सामग्री में इलेक्ट्रानिक व थर्मल परिवहन की परस्पर निर्भरता कम करने पर अपना वक्तव्य देंगे।
मध्य वर्गीय परिवार के नूतन व कृष्णपाल श्रीवास्तव के पुत्र आशुतोष ने शहर के राजकीय इंटर कॉलेज से इंटर के बाद किसान डिग्री कॉलेज से स्नातक जबकि गोरखपुर एमजीपीजी कॉलेज से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2019 में उन्होंने जेआरएफ के लिए उत्तीर्ण किया। इसके बाद वहीं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सिंगापुर के न्यांग टेक्नालोजिकल यूनिवर्सिटी सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां देश का प्रतिनिधित्व भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के आशुतोष श्रीवास्तव करेंगे। आशुतोष मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के ग्राम चिताही के निवासी हैं, मगर उनका पूरा परिवार लंबे समय से बस्ती शहर में ही रहता है।