साइड न देने को लेकर हुए विवाद में सोमवार रात रोडवेज बस चालक व परिचालक पर रिवाल्वर तानने वाले आरोपी राजीव चौधरी निवासी रौता को कोतवाली पुलिस ने शांतिभंग की आशंका के तहत गिरफ्तार कर लिया।
उसका लाइसेंस और असलहा भी कब्जे में ले लिया गया है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को संस्तुति भेजी जाएगी।
घटना के संबंध में रोडवेज परिचालक इन्द्रदेव सिंह निवासी ग्राम देवया गंगाराम, थाना हरैया की तहरीर पर कोतवाली में जान से मारने की धमकी देने व जबरन रोडवेज बस रोकने का एफआईआर दर्ज है। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि पुलिस की ओर से मिले साक्ष्य के आधार पर ऐसे व्यक्ति का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
परिचालक की तहरीर के मुताबिक सोमवार की रात लगभग दस बजे वह बस लेकर अयोध्या से बस्ती शहर के मालवीय रोड से बस स्टेशन जा रहे थे। नवयुग अस्पताल के पास एक कार सवार साइड मांगने लगा। भीड़ की वजह से साइड न मिलने पर नाराज़ कार सवार फौव्वारा तिराहे पर बस के आगे कार खड़ी कर दिया।
ड्राइवर से गाली गलौज करने लगा और रिवाल्वर तान दिया। ड्राइवर के बचाव में उतरे कंडक्टर से भी वह विवाद करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। मौजूद कुछ लोगों ने उसकी वीडियो व फोटो भी बना लिया था।