न्यायालय में पेशए करने से पहले मां की हत्या के आरोपी बैजनाथ से पूछताछ करते एएसपी दीपेंद्र नाथ च
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाने की पुलिस ने मां को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले आरोपी बैजनाथ निषाद ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि अचानक तैश में आकर उससे ऐसा कृत्य हो गया। जिसका अब बहुत पछतावा है। उस समय दिमाग काम नहीं किया,वरना मां के ऊपर वार न करता।
नगर थानाक्षेत्र के मुड़िला कठार निवासी बैजनाथ निषाद ने बुधवार सुबह बांस से पीट-पीटकर अपनी 57 वर्षीय मां कौशल्या को मौत के घाट उतार दिया था। बताया गया कि वह अपनी पत्नी को अक्सर मारता-पीटता था। जिसे लेकर उसकी मां उसे कोसती रहती थी। यह बात उसे नागवार गुजरती थी। एसओ जनार्दन प्रसाद ने बताया कि बुधवार देर रात बैजनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पूछताछ में बताया कि एक सप्ताह पहले उसका पत्नी से विवाद हो गया था। जिसके बाद मां ने मेरी पत्नी को मायके भेज दिया था। बुधवार को सुबह इसी बात को लेकर तकरार शुरू हुई। बैजनाथ के मुताबिक अचानक उसे तेज गुस्सा आया और वह आपा खो बैठा। मानो दिमाग ने काम करना बंद कर दिया और यह सोचने-समझने की शक्ति नहीं रही कि यह क्या करने जा रहा है। सामने पड़े बांस का टुकड़ा उठाकर मां के सिर पर तीन-चार वार कर दिया।
यह थी घटना
- मुड़िला कठार निवासी लक्षमण निषाद की पत्नी कौशिल्या देवी और उसके बेटे बैजनाथ में बुधवार सुबह कुछ विवाद हुआ। जिसके बाद अचानक मां को मारने-पीटने लगा। घर में मौजूद उसकी बहन माधुरी बचाने के लिए दौड़ी। इस बीच मौका पाकर उसकी मां कौशल्या देवी जान बचाकर भागने लगीं। तभी बैजनाथ ने पास पड़े बांस का टुकड़ा लेकर उनको दौड़ा लिया। पीछे से उसने मां के सिर पर लगातार प्रहार करने लगा।जिससे उनके सिर से खून गिरने लगा। उनके जमीन पर गिरने के बाद भी वह पीटता रहा। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर मरणासन्न हालत में पड़ी कौशल्या को लेकर सीएचसी कप्तानगंज पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।