छावनी। सिरौली बाबू स्थित देसी शराब की लाइसेंसी दुकान पर शनिवार रात हथियार बंद चोरों ने धावा बोल दिया। दुकान का सीमेंट का बना शेड तोड़कर चोरों ने 20 पेटी शराब व 11 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने चोरों की घेराबंदी कर पुलिस के आने का इंतजार किया। इसी दौरान मौके से दो चोर भागने में सफल हो गए। जबकि पुलिस ने पिकअप से भाग रहे चार चोरों को धर दबोचा। इस दौरान पुलिस पर फायर करने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के सिरौली बाबू गांव में भकरही निवासी करोड़पति देवी की देस शराब की लाइसेंसी दुकान है। शनिवार रात करीब 12:30 बजे दुकान का सीमेंट का शेड तोड़कर चोर अंदर घुस गए। दुकानदार के अनुसार दुकान में रखा करीब पांच लाख रुपये का देसी शराब लादकर ले जाने के लिए आए थे। दुकान में रखा पूरा शराब का स्टॉक बगल की छत से लेकर भागना चाह रहे थे।
ठेके से कुछ ही दूरी पर स्थित मुर्गी फार्म पर मौजूद हर्ष सिंह व सेल्समैन सुनील को चोरों की आहट हुई। चोरों के हाथ में असलहा देख सेल्समैन ने ठेका मालिक को सूचना देकर पुलिस को जानकारी दी। चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरा का लीड तोड़कर डीबीआर उठा ले गए, लेकिन बगल के अंग्रेजी शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश चोरों की तस्वीर कैद हो गई। बताया जा रहा है सूचना के बाद थाने से पहुंची पुलिस की घेराबंदी में फंसे चोरों ने भागते समय फायर भी किया। थानाध्यक्ष सुभाष मौर्या ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।