रुधौली। तहसील क्षेत्र के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 (वाणिज्य संकाय) की रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राचार्या डॉ. अमिता सक्सेना ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि सात जुलाई तय की गई है। जिले के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से सत्र 2024-25 में 10वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं जिनका गणित में कम से कम 50 प्रतिशत एवं इससे अधिक अंक हो तथा अन्य सभी विषयों का औसत अंक 60 प्रतिशत हो, प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय में 9 जुलाई तक जमा करना होगा। प्रवेश पत्र 10 जुलाई को विद्यालय से प्राप्त किए जाएंगे। 12 जुलाई दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।