कुदरहा में रोड जाम को समाप्त कराती पुलिस।
लालगंज थाने के उजियानपुर गांव के युवक की इलाज के दौरान हुई थी मौत
- गोरखपुर में पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की रात गांव लाया गया था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के उजियनपुर में मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद लोगों में तनाव व्याप्त हो गया। गोरखपुर में पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर शाम परिवार के लोग शव लेकर पहुंचे तो कई थानों की फोर्स पहुंच गई। लोगों का सबसे ज्यादा गुस्सा पुलिस पर है। उनका कहना है कि बाड़ लगाने के विवाद में हुई मारपीट के बाद केस दर्ज करने के बजाय पुलिस ने शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की। दो दिन बाद घायल की हालत गंभीर होने पर केस दर्ज किया। कुछ देर के मान-मनौवल के बाद पुलिस ने डंडा पटककर भीड़ को खदेड़ा। बाद में परिवार के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के उजियांनपुर गांव में दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल ओंकार की मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मंगलवार रात को मौत हो गई थी। गोरखपुर में पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर शाम मृतक का शव घर ले जाया गया। एहतियातन रात में आसपास के तीन थानों की फोर्स पहुंच गई थी। हालांकि पुलिस रात में ही अंतिम संस्कार करवाना चाहती थी लेकिन परिवार के लोग तैयार नहीं हुए।
बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने शव को कुदरहा चौराहे पर रख दिया। रामजानकी मार्ग को जाम कर आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार करने और परिजनों के जीविकापार्जन के लिए कोटे की दुकान की मांग करने लगे। थानाध्यक्ष कलवारी भानुप्रताप सिंह, कप्तानगंज, राेहित उपाध्याय, नगर संतोष गौड़ व मुंडेरवा के एसएचओ कमलेश गौड़ भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे हुए थे। थानाध्यक्ष लालगंज जितेंद्र सिंह के समझाने बुझाने पर लोग अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद और शव का नौरहनी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। वे लोग फरार सेक्रेट्री विवेक कुमार को गिरफ्तार करने और कोटेदार राम सजीवन का कोटा निरस्त कर जीविकोपार्जन के लिए मृतक की पत्नी सुनीता देवी को कोटा की दुकान आवंटित करने की मांग पर अड़ गये। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर राजी किया।