विक्रमजोत। ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को बीडीओ सुनील कुमार कौशल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य, बाल एवं पोषण की बैठक हुई। इसमें कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों के वास्तविक आंकड़े का भौतिक सत्यापन कराने का बीडीओ ने निर्देश दिया। बीडीओ ने कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को चिह्नित किया जाए, एएनएम ऐसे केंद्रों के बच्चों का वजन और लंबाई माप कर कुपोषित व अति कुपोषित श्रेणी सुनिश्चित करें। बीडीओ ने एएनएम से बैठक में जानकारी मांगा तो उनके द्वारा बताए गए और आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा दिए गए आंकड़ों में भिन्नता पाई गई। आंकड़ों में भिन्नता मिलने पर बीडीओ ने नगरा बदली, वीरपुर, केशवपुर, नेतवर पट्टी, संदलपुर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश सीडीपीओ को दिया। मौके पर चिकित्साधीक्षक आसिफ फारुकी, शैलेश उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह, जटाशंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।