घर से सब्जी लेने निकले बुजुर्ग की हादसे में मौत
कलवारी थाना क्षेत्र के गोलवा गांव के पास हुई दुर्घटना
कलवारी(सिद्धार्थनगर)। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर स्थित कलवारी थाना क्षेत्र के गोलवा गांव के पास दुर्घटना में घायल वृद्ध की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कलवारी थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी 62 वर्षीय राजेंद्र उपाध्याय बुधवार देर शाम को साइकिल से कलवारी चौराहे पर सब्जी लेने जा रहे थे। टांडा जाने वाले रास्ते पर गोलवा पुलिया के पास एक पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया। राजेंद्र उपाध्याय के बेटे लालकृष्ण उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर फोन आया कि उनके पिता गोलवा के पास दुर्घटना में घायल हो गए हैं। वहां पहुंचा तो देखा वह तड़प रहे थे। आनन फानन में उनको लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पिकअप के अज्ञात चालक के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चौकी प्रभारी माझाखुर्द पवन कुमार मौर्य को जांच सौंपी गई है।