बस्ती। कुआनो नदी तट के किनारे नया सवेरा योजना के तहत करीब तीन करोड़ रुपये से बने स्मृति पार्क को लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर वर्मा और सभासदों के साथ सोमवार को किया। कहा कि कुआनो तट के निकट स्थित इस पार्क में ओपेन जिम के अत्याधुनिक उपकरण लगे हैं। इससे जहां लोगों के स्वास्थ्य में सुधार होगा वहीं लोग पार्क में शान्ति का आनंद ले सकेंगे। नपाध्यक्ष ने लोकार्पण के बाद बताया कि पार्क में लोगों को टहलने के लिए ट्रैक बनाया गया है। अति शीघ्र बच्चों के लिए झूले लगवाए जाएंगे। पार्क में सभी आवश्यक सुविधाएं होंगी। कहा कि पटेल स्मृति पार्क का चरणबद्ध ढंग से विकास किया गया है। वार्ड नंबर 13 महरीखांवा में स्थित यह पार्क निश्चित रूप से लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा। विभाग के अनुसार नया सवेरा योजना से पार्क बना था, उसमें जिम और अन्य कार्य नगरोदय योजना से कराया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद उद्घाटन कर उसे आमजन के लिए खोल दिया गया। इस दौरान सभासद विद्यावती देवी, निर्मला यादव, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, मो. इदरीश, कृष्ण कुमार पांडेय उर्फ सोनू, रामसनेही यादव, राजन ठाकुर आदि मौजूद रहे।