एसडीएम के कार्रवाई के आश्वासन पर मानी महिलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। कप्तानगंज ब्लॉक के रखिया ग्राम पंचायत में कोटे की दुकान के चयन में धांधली का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। इसके बाद एसडीएम विनोद कुमार पांडेय के जांच के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।
गांव की महिला अनीता देवी, प्रेमा देवी, निर्मला, मिथिलेश कुमारी, किरण, गुड़िया देवी ने बताया कि कोटेदार शिवप्रसाद यादव की मृत्यु के बाद कोटेदार का पद रिक्त हो गया था। मंगलवार को ग्राम प्रधान सुग्रीव यादव व सचिव ने मनमानी करते हुए नियम विरुद्ध एक ऐसी महिला का चयन कर लिया जो किसी समूह की सदस्य नहीं है। जब ग्रामीणों ने प्रधान से शासनादेश के अनुसार समूह के सदस्य के नाम कोटे का आवंटन किए जाने की बात की गई तो वह नाराज हो गए।
महिलाओं ने बताया कि प्रधान का पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित था। उसी के अनुसार कोटेदार का चयन भी ओबीसी जाति के लिए होना चाहिए था। मगर, ग्राम प्रधान व सचिव ने बिना किसी को बताए कोटेदार का चयन कर लिया। एसडीएम ने महिलाओं की जांच का आश्वासन दिया। महिलाओं ने कहा कि उचित कार्रवाई नहीं हुई है तो फिर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीएम विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि शिकायती पत्र की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।