- दो बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से ग्रामीण आक्रोशित
- अफसरों की नोटिस तक का जवाब नहीं दे रहे प्रधान और सचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। बहादुरपुर ब्लाॅक ग्राम पंचायत कलवारी एहतमाली में प्रधान ने अपनी मां को सामुदायिक शौचालय का केयरटेकर बनाकर सालभर का मानदेय हड़पने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ग्राम पंचायत की सुशीला, सुखना, कांति, आशा, सोनी व सुशीला ने बताया कि पांच अगस्त को शिकायत की है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में रोष है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि ग्राम पंचायत के राजस्व गांव डकही में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। शौचालय निर्माण के बाद से कभी उपयोग में नहीं आया। आरोप है कि प्रधान अनिल ने सचिव के साथ मिलकर अपनी माता बसंता को केयरटेकर नियुक्त कर जून महीने तक का मानदेय भी आहरित कर लिया है। जबकि अब तक शौचालय उपयोग में नहीं आया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मामले को लेकर एक जून 2023 को अफसरों से शिकायत की गई , लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच मौका पाकर प्रधान ने जून में ही अपनी माता को केयरटेकर पद से हटा दिया। पांच अगस्त को दोबारा शिकायत करने के बाद एडीओ कोऑपरेटिव मिट्ठू राम वर्मा ने मामले की जांच की। जांच के समय शौचालय बंद मिला और मौके मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के बाद से यह कभी उपयोग में नहीं आया। एडीओ पंचायत ने 17 अगस्त को सचिव व प्रधान को नोटिस जारी कर हफ्तेभर में जवाब तलब किया था। जवाब न देने पर 15 सितंबर को दोबारा पत्र भेजकर जवाब मांगा गया है। इसी बीच मौका पाकर दूसरे केयरटेकर काे शौचालय की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
...
कोट
बिना संचालन के सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर को मानदेय का भुगतान नहीं किया जा सकता है। यदि ऐसे हुआ है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रधान की ओर से अपनी माता को केयरटेकर नियुक्त करना नियम विरुद्ध है। नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जवाब के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-जय प्रकाश राय, एडीओ, पंचायत