बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ शतप्रतिशत किसानों को दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ राजेश कुमार प्रजापति ने बैठक ली। कहा कि सरकार ग्राम पंचायत स्तरीय संतृप्तीकरण अभियान शुरू करने जा रही है। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित कर्मचारी घर-घर जाकर सूची तैयार करें।
उन्होंने कहा कि जिन कृषकों का भूलेख डाटा अपडेट नहीं हुआ है, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार पंजीकृत कृषकों के भूलेख का सत्यापन होने के बावजूद उनके बैंक खाते का आधार से लिंक नहीं है। इससे उन्हें सम्मान निधि की किस्तें नहीं मिल पा रही हैं। ग्राम स्तर पर 22 मई से 10 जून तक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक राजस्व विभाग, ग्राम विकास, पंचायती राज, तकनीकी सहायक कृषि, ग्राम पंचायत सहायक, कामन सर्विस सेंटर, पोस्ट आफिस के प्रतिनिधि की संयुक्त टीम कैंप लगाएगी। इसमें किसानों की ई-केवाईसी, बैंक खाते से आधार लिंक, मोबाइल नंबर, बैंक एकाउंट, खसरा-खतौनी आदि अपडेट किया जाएगा। बैठक का संचालन उप निदेशक कृषि अनिल कुमार ने किया। इस मौके पर एसडीएम शैलेश दुबे, अतुल आनंद, आनंद श्रीनेत, लीड बैंक मैनेजर आरएन मौर्या, बीएसए डाॅ. इंद्रजीत प्रजापति, जिला कृषि अधिकारी मनीष सिंह एवं सभी बीडीओ मौजूद रहे।