महुआ डाबर समिति पर खाद खरीदने के लिए लगी किसानों की भीड़।
बभनान। क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत दिनों दिन गहरा रही है। मांग के अनुसार साधन सहकारी समितियाें पर यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे किसान परेशान हैं वह मनमाने दामों में यूरिया खरीद कर फसल बचाने की जुगत कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में कुल 13 समितियां किसानों यूरिया उपलब्ध कराने का काम कर रही हैं, जिसमें से सांऊडीह, परासडीह, सेमरा, कठौतिया सांऊडीह, कर्मा पिपरा, भरवलिया अभयपुरा, पेडरिया, हरदी, महुआ डाबर, डेगरहा सहित 12 समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। यह समय गन्ना व धान की फसल में यूरिया में डालने का है। समितियों पर किल्लत से निपटने का पहले से इंतजाम न होने के कारण निजी दुकान संचालक मनमाने दामों में खाद बेंच रहे हैं। रविवार की रात महुआ डाबर समिति पर 450 बोरी यूरिया पहुंची तो सोमवार सुबह से ही किसानों को हुजूम उमड़ पड़ा।
सचिव अतुल सिंह ने बताया कि घंटेभर में पूरी खाद खत्म हो गई। किसानों को एक-एक बोरी से ही संतोष करना पड़ा।
जिले में यूरिया की रैक लगते ही सभी समितियों पर पहुंच जाएगी। समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
-राजीव लोचन पाठक, एडीओ सहकारिता