अधिवक्ताओं ने न्यायालय गेट पर किया प्रदर्शन।
22वें दिन भी विरोध प्रदर्शन कर की कार्रवाई की मांग
- अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हापुड़ की घटना के विरोध में 22वें दिन भी अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने बताया कि जब तक हापुड़ के डीएम व एसपी का स्थानांतरण नहीं हो जाता, कार्य बहिष्कार और विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा। शुक्रवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री शिवपूजन मिश्र के नेतृत्व में दी यंग, जनपद व कमिश्नर बार के अधिवक्ता गेट नंबर दो पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। महामंत्री ने बताया कि सभी अधिवक्ता संगठन इस बार आर या पार की लड़ाई का मूड बना चुके हैं। सरकार अधिवक्ताओं को सुरक्षा दे तभी बात बनेगी। कहा कि जब तक अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं होता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। जनपद बार के अध्यक्ष रजनीश कुमार दुबे ने कहा कि आए दिन हो रहे हमले से अधिवक्ता चिंतित हैं। दी यंग बार अध्यक्ष विनोद कुमार भट्ट ने कहा कि प्रदेश में हो रहे अधिवक्ताओं पर हमले चिंताजनक हैं। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिविल बार के पूर्व अध्यक्ष राज किशोर पांडेय ने कहा कि सरकार हापुड़ हमले को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि मुख्यमंत्री हर मंच पर कानून व्यवस्था सुधार की बात करते हैं। अब सरकार से लोगों का भरोसा उठ रहा है। मौके पर उपेंद्र नाथ दुबे, चिंतामणि पांडेय, अवनीश मिश्रा, शिवकांत तिवारी, विवेक शुक्ला आदि मौजूद रहे।