लुटेरों के हमले में घायल अधिवक्ता की पत्नी का लखनऊ में इलाज के दौरान हुआ था निधन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। घर में बंधक बनाकर लूटपाट की घटना के दौरान लुटेरों के हमले में घायल अधिवक्ता सुरेंद्र मोहन वर्मा की पत्नी नूतन वर्मा की मौत होने के बाद केस की धारा तरमीम की जाएगी। एएसपी ने बताया कि बदमाशों पर हत्या के प्रयास की धारा पहले से लगी हुई है। उसे तरमीम करके हत्या की धारा में केस चलाया जाएगा। सोमवार को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज के दौरान घायल नूतन वर्मा का निधन हो गया था।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को मुंह पर गमछा बांधकर आए दो बदमाशों ने रॉड से पूनम के सिर और चाकू से पेट में हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद उनका हाथ-पैर बांधकर शैचालय में बंद कर दिया था। घर में रखे रुपये और जेवरात लूटकर भाग गए थे। काफी देर बाद नूतन वर्मा ने किसी तरह छज्जे पर निकलकर शोर मचाया था। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी हुई।
सुबह ही कचहरी निकल गए अधिवक्ता सुरेंद्र मोहन वर्मा को भी सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचे और पत्नी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां से कुछ दिन शहर के ही एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चला, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने नगर थानाक्षेत्र के महरीपुर निवासी रामदेव यादव उर्फ प्रिंस और पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के करमा निवासी राजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।