बस्ती। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सप्ताह के अंतिम कार्य दिवस शुक्रवार को न्यायालय भवन के गेट नंबर 2 पर धरना दिया। विरोध के चलते अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।
सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री शिवपूजन मिश्र के नेतृत्व में गेट नंबर दो पर जुटे अधिवक्ताओं ने कहा कि ग्राम न्यायालय की स्थापना से न्यायिक कार्य राजनीतिक दवाब में होगा। इस कारण वादकारियों को न्याय नहीं मिल सकेगा। मोबाइल कोर्ट के समय निर्धारण से अधिवक्ताओं व वादकारियों को जानकारी नहीं मिल सकेगी, जिससे तमाम मामलों की तिथि पर उनके पहुंचने में दिक्कत आएगी। अधिवक्ता रजनीश दूबे ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को घर पर न्याय पहुंचने की व्यवस्था बना रही है। इस मोबाइल कोर्ट के स्थापना से केंद्र सरकार की यह मंशा फलीभूत नहीं हो पाएगी। लोगों को न्याय मिलने में दिक्कत आएगी। इस मौके पर अरविंद चौधरी, विजय कुमार त्रिपाठी, नीलांबर गुप्ता, सुधांशु रंजन पांडेय, रमापति पांडेय, विजय गोस्वामी और अनुपम मिश्र आदि मौजूद थे।