भानपुर एसडीएम आशुतोष तिवारी को अधिवक्ताओं को ज्ञापन दिया।
भानपुर। तहसील न्यायालय में कार्यरत प्राइवेट मुंशियों को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग को लेकर वार्ता करने गए अधिवक्ताओं और नायब तहसीलदार अजीत प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
इससे नाराज अधिवक्ता तहसीलदार सत्येंद्र सिंह व नायब तहसीलदार के स्थानांतरण और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आशुतोष तिवारी को दिया। एसडीएम ने ज्ञापन के दौरान मामले का समाधान कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ताओं ने न्यायालय में कार्यरत प्राइवेट मुंशियों को हटाने के लिए प्रस्ताव दिया था, जिसके लिए अधिवक्ता नायब तहसीलदार से वार्ता करने उनके चैंबर में गए थे। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार ने मुंशियों को न हटाने और उन्हीं से न्यायालय का काम कराने को कहा। इसके पश्चात उन्होंने अपने न्यायालय में पुकार कराकर कई मुकदमों को खारिज कर दिया। इस बात के लिए जब सभी अधिवक्ता तहसीलदार से वार्ता के लिए उनके न्यायालय में पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद एनटी अजीत सिंह और अधिवक्ता रवि सिंह से नोकझोंक हो गई।
आरोप है कि एनटी ने तहसीलदार की उपस्थिति में ही अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की। जिस पर तहसीलदार ने भी उन्हें नहीं रोका। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई न होने तक विरोध जारी रहेगा।
शीघ्र किया जाएगा समाधान
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से ज्ञापन दिया गया है। मामले की जांच कर दोनों पक्षों को सुनकर शीघ्र ही उचित समाधान कर लिया जायगा।