बस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम, प्रदेश सलाहकार एसके बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कुंभ मेले के लिए की गई बसों की व्यवस्था आदि के बारे में समीक्षा की। बताया कि कुंभ मेले के मद्देनजर प्रदेश में रोडवेज की सात हजार बसें लगाई गई हैं और 550 बसे प्रयागराज के आसपास के जिलों के लिए लगाई गई हैं। कुंभ मेला में जाने वाले बसों की तैयारियां समय से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि बस्ती से 12 जनवरी से कुंभ मेला के लिए बसों को रवाना किया जाएगा। बसों की रवानगी से पहले उसकी फिटनेस देख ली जाए। बसों में चालक-परिचालक वर्दी में हों। बताया कि बसों की क्षेत्रीय लेबल पर समीक्षा की जा रही है। गोरखपुर जनपद और उसके आसपास के क्षेत्र मेंहदावल, सिद्धार्थनगर, बढ़नी आदि स्थानों से कुंभ मेला में यात्री जाएंगे। रोडवेज का पूरा प्रयास है कि यात्रियों को कुंभ मेला में पहुंचाने और लाने की व्यवस्था की जाए। रोडवेज सलाहकार ने कुंभ मेला में भेजी जाने वाली बसों के तैयारियों की समीक्षा करने के बाद बसों की व्यवस्था को देखा। इस मौके पर रोडवेज के एआरएम आशीष भटनागर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद नजर आए। संवादक