- जुलाई में तीनों नए और 15 पुराने पाठ्यक्रमों में शुरू हो जाएगी प्रवेश प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में तीन नए पाठ्यक्रमों इलेक्ट्रिकल व्हीकल, मोटर व्हीकल और एडवांस कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) मशीन की पढ़ाई शुरू होगी। जुलाई में तीनों नए व 15 पुराने पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू होंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर से पढ़ाई शुरू होगी।
प्रशिक्षण एवं सेवा योजना विभाग, टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर तीन नए कोर्स शुरू करने जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थी न केवल एडवांस टेक्नोलॉजी के बारे में अध्ययन करेंगे, बल्कि नए रोजगार के अवसर भी उन्हें मिलेंगे। विभाग का दावा है कि इन कोर्सों में प्रवेश के साथ ही 60 फीसदी से अधिक युवाओं की नौकरी पक्की होगी। टाटा टेक्नोलॉजी इन्हें रोजगार देगी।
आईटीआई से मिली जानकारी के अनुसार, संस्थान में जुलाई से प्रवेश शुरू होंगे। इसके लिए जल्द अधिसूचना जारी की जाएगी। तय समय पर दाखिला प्रक्रिया पूरी कर कक्षाएं शुरू की जाएंगी। बदलते दौर में नए कोर्स की मांग बढ़ रही है। भविष्य में कंप्यूटर आधारित कोर्स, इलेक्ट्रिकल व आधुनिक उपकरण की भी पढ़ाई होगी।
20-20 सीटों पर प्रवेश के लिए होंगे आवेदन
इलेक्ट्रिकल व्हीकल, मोटर व्हीकल व एडवांस सीएनसी मशीन कोर्स में 20-20 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन लिए जाएंगे। हालांकि, प्रत्येक नए कोर्स में 40-40 सीटों पर प्रवेश लिए जाने हैं, लेकिन पहले सत्र में केवल 20-20 सीटों पर ही प्रवेश लिए जाएंगे।