बस्ती। जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशासन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएगा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था समाज कल्याण विभाग के माध्यम से होगी। इसमें सिविल सेवा, पीसीएस, जेईई, नीट की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए सेंटर पर पहुंच कर प्रशिक्षण लेने के अलावा आन लाइन प्रशिक्षण व सलाह दिया जाएगा। इसके लिए एपीएन पीजी कॉलेज व नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया में 1 जुलाई से नीट व जेईई की कक्षाएं संचालित की जाएगीं।
मेधावियों की प्रतिभा को निखार कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षा के योग्य बनाने की पहल एक बार फिर से जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से दिया जाएगा। इसमें जेईई/नीट के लिए इंटरमीडिएट में अध्ययनरत या उत्तीर्ण तथा सिविल के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या उत्तीर्ण छात्र/छात्राएं पात्र हैं। इसके लिए जिन छात्र/छात्राओं को सिविल सेवा परीक्षा पीसीएस, जेईई, नीट आदि के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करना है वह जिला प्रशिक्षण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भानपुर, नेशनल इंटर कालेज हर्रैया व एपीएन पीजी कॉलेज में संचालित अभ्युदय कार्यालय में 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए बच्चों को प्रशिक्षित शिक्षक प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा जिले के अधिकारी भी बच्चों को तैयारी के लिए टिप्स देंगे।