आपूर्ति विभाग ने बैठक कर सभी को उपलब्ध कराने की रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में करीब 38 हजार परिवार उज्ज्वला योजना के तहत दीपावली में मुफ्त सिलिंडर पाने से वंचित हो रहे हैं। इस खबर को अमर उजाला समाचार पत्र में प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन व जिला पूर्ति विभाग एक्शन में आ गया है। एक-दो दिन में डीएम व डीएसओ की मौजूदगी में सभी आयल व गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारियों की बैठक होगी और उनके पेंच कसे जाएंगे ताकि इन सभी उपभोक्ताओं के आधार का सत्यापन करवाकर सभी को गैस सिलिंडर समय से उपलब्ध कराया जा सके।
शासन ने दीपावली व होली में उज्ज्वला योजना के तहत आच्छादित परिवारों को मुफ्त गैस सिलिंडर देने का निर्देश जारी किया है। अगले सप्ताह दीपावली का त्यौहार पड़ रहा है, जबकि अभी तक जिले में उज्ज्वला योजना से आच्छादित 2 लाख 7 हजार 81 परिवारों के सापेक्ष 1 लाख 68 हजार 436 परिवारों के आधार का प्रमाणीकरण हो सका है। ऐसे में कुल 38 हजार 625 परिवारों के आधार का सत्यापन नहीं हो पाया है। जो लगभग 20 फीसदी माना जा रहा है। अगर इनके आधार का सत्यापन नहीं हो पाएगा तो इस दीपावली शासन से मिलने वाली इस बड़ी सुविधा से यह परिवार वंचित हो सकते हैं। इस खबर को अमर उजाला समाचार पत्र ने अपने 21 अक्टूबर के अंक में पेज नंबर दो पर ''''मुफ्त सिलिंडर के तोहफे से वंचित होंगे 38 हजार परिवार'''' शीर्षक के तहत प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर को संज्ञान में लेकर जिला प्रशासन व पूर्ति विभाग ने सभी गैजेंसियों व आयल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों की मीटिंग बुलाने का निर्णय लिया है ताकि शासन की मंशा के अनुसार कोई भी परिवार दीपावली के मौके पर इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न हो सके।
-
सबको उपलब्ध कराई जाएगी गैस
- डीएसओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि आधार कार्ड सत्यापन के लिए सभी कोटेदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह उपभोक्ताओं को जागरूक करें और उनके आधार प्रमाणीकरण में सहयोग करें। इसके अलावा सभी पूर्ति निरीक्षक भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर जागरूकता अभियान चला रहे हैं ताकि शत प्रतिशत आधार का सत्यापन हो सके। वैसे भी उपभोक्ताओं को अपनी गैस एजेंसियों पर जाकर आधार का सत्यापन करवा लेना चाहिए। बताया कि एक-दो दिन में डीएम की अध्यक्षता में सभी आयल कंपनियों व गैस वितरकों की बैठक बुलाई जा रही है ताकि वह हर हाल में सभी के आधार का सत्यापन करवाकर दीपावली तक मुफ्त सिलिंडर की सुविधा उपलब्ध करवा सकें।