तहसील के संभावित निरीक्षण को लेकर ॉल इज वेल दिखाने में जुटा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। राजस्व परिषद के चेयरमैन के बृहस्पतिवार को गोरखपुर से लखनऊ लौटने कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। रास्ते में पड़ने वाली प्रमुख तहसील हर्रैया के संभावित निरीक्षण को लेकर अधिकारी सब कुछ चाक-चौबंद दिखाने में जुट गए हैं।
राजस्व परिषद के चेयरमैन हेमंत राव दो दिन के दौरे पर बुधवार को लखनऊ से गोरखपुर पहुंचे हैं। जिले की सीमा पर एसडीएम विनोद कुमार पांडेय और तहसीलदार अभयराज रिसीव करने पहुंचे। बृहस्पतिवार को चेयरमैन के लखनऊ वापसी के समय तहसील के संभावित निरीक्षण को लेकर तहसील प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। अभिलेखों को दुरुस्त कर करीने से रखवाया जा रहा है।
लंबित मुकदमों से जुड़ी फाइलों को पीछे की दराज में रखकर आगे निपटाए गए अभिलेख रखे गए है। तेज और जानकर माने जाने वाले लेखपालों को रिकॉर्ड रूम के साथ नकल कक्ष और अन्य महत्वपूर्ण पटल पर मौजूद रहने को कहा गया है। महिला हेल्प डेस्क के साथ ही राजस्व वसूली की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा रही है। तहसील परिसर में साफ-सफाई के साथ चूना और ब्लीचिंग पावडर डालकर विशेष तैयारी हो रही है। इस संबंध में तहसीलदार अभयराज ने बताया कि तहसील निरीक्षण का कोई कार्यक्रम अभी तय नहीं है।