बस्ती। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा (एसीएस) महेश कुमार गुप्ता ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में ट्रांसफार्मर खराबी और लोकल फाल्ट की समस्या पर नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को सुधार की हिदायत दी है। उन्होंने अभियंताओं के सीयूजी नंबर सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है। मुख्य अभियंता को निर्देश दिया कि जो अभियंता उपभोक्ताओं का फोन नहीं उठाते हैं, उन पर कार्रवाई करें। उपभोक्ताओं की शिकायत का समय से निस्तारण कराकर फीडबैक जरूर लें। ज्यादा लाइन लॉस वाले फीडरों की पहचान कर बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाएं। उपभोक्ताओं को नियमित बिल भुगतान के लिए प्रेरित करें। सर्वाधिक बिल रिवीजन वाले उपखंडों को चिह्नित कर उनकी जांच कराएं। कहा कि लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर माहभर में उन्हें निस्तारित कराएं। उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर लापरवाही करने वाले अभियंताओं पर सख्त कार्रवाई करें। मौके पर मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सरोज कुमार और तीनों जिलों के बिजली विभाग के अफसर मौजूद रहे।