बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से पुलिस झड़प, शुरू किया हनुमान चालीसा पाठ
किशोरी भगाने के आरोप में पकड़ा गया था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। किशोरी भगाने के आरोपी के चकमा देकर लालगंज थाने से भाग जाने पर बुधवार की देर शाम किशोरी के परिवार के लोग बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस पर आरोपी को जानबूझकर भगा देने का आरोप लगाते हुए एसओ को निलंबित करने की मांग करने लगे। एक सादे कपड़े में पुलिस की तरफ से पहुंचे शख्स की बात ने आग में घी का काम किया। लोग थाने में पुलिस कर्मियों को धक्का देकर अंदर बढ़ने लगे।
मौके पर पहुंचे सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करने का प्रयास किया। मगर, आक्रोशित लोग धरने पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। उनकी मांग है कि जब तक एसओ पर कार्रवाई, आरोपी की गिरफ्तारी और बदसलूकी करने वाले सिपाही पर कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक वहां नहीं हटेंगे।
जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पहले लालगंज क्षेत्र के एक गांव से किशोरी लापता हो गई। 15 अगस्त को केस दर्ज कराया गया। परिवार के लोगों ने पुलिस से संपर्क करके ढूंढना शुरू किया। 23 सितंबर की रात में पुलिस ने खलीलाबाद से नवरंग उर्फ भोलू नाम के आरोपी को पकड़ लिया। बुधवार को उसका चालान करने की तैयारी थी। मगर, मंगलवार की रात ही वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। शाम को इस बात की जानकारी लड़की के परिजनों को हुई तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पर पहुंच गए।
एसओ सुनील गौड़ व अन्य पुलिस कर्मियों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे कि उन लोगों ने जान-बूझकर आरोपी को भगा दिया। थाने में घुसकर नारेबाजी करने लगे तो स्टाॅफ सकते में आ गया। इसी दौरान नारंगी रंग का टीशर्ट पहने शख्स पुलिस कर्मियों की तरफ से कहने लगा कि सबको मारकर भगाओ। इसके बाद लोग और भड़क गए। माहौल बिगड़ते देख वह शख्स गायब हो गया।
सीओ रुधौली संजय सिंह ने बताया कि नवरंग नाम का आरोपी हिरासत में रखा गया था। रात में उसने बेचैनी और उल्टी होने की बात बताई। जिसके बाद लॉकअप से बाहर निकाला गया। बाहर आते ही वह भाग गया। समाचार लिखे जाने तक लोग थाने में जुटे हुए थे।