बस्ती। शहर के बरगदवा से ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने संतकबीरनगर से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली और एसओजी ने कोतवाली खलीलाबाद के बनरपुरवा निवासी मनोज यादव को बुधवार को पकड़ा। मुख्य आरोपी अवनीश यादव को गीडा (गोरखपुर) में पहले ही चोरी के ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
26 अप्रैल की रात कोतवाली थानाक्षेत्र के मड़वानगर (बरगदवा) निवासी तिलकराम के घर के सामने से रात एक से दो बजे के बीच ट्रैक्टर चोरी हो गया था। ट्रैक्टर मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कोतवाली पुलिस खोजबीन कर रही थी। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने खुलासे के लिए कोतवाली के साथ एसओजी को भी लगाया था। आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार, चोरी के ट्रैक्टर को बेचने के लिए ले जाते समय मंगलवार को ही गोरखपुर पुलिस ने गीडा के पास चेकिंग के दौरान संतकबीरनगर कोतवाली निवासी अवनीश यादव को पकड़ लिया था। मगर मनोज यादव मौके से पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
अवनीश से पूछताछ में पता चला कि चोरी की घटना में मनोज यादव निवासी बनपुरवा थाना कोतवाली संतकबीरनगर व एक अन्य भी शामिल था। इन दोनों की तलाश में जुटी कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार को बनपुरवा खलीलाबाद से आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में मड़वानगर चौकी प्रभारी जयविंद कुमार चौधरी, स्वॉट प्रभारी गजेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, एसओजी के हेड कांस्टेबल अनन्त यादव, कांस्टेबल कर्मचंद्र, अभिषेक सिंह व साजिद जमाल शामिल रहे।