भाकियू ने मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भानपुर। किसान समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को भाकियू टिकैत गुट ने तहसील परिसर में पंचायत लगाया। मंडलायुक्त व डीएम को संबोधित 15 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को दिया। तहसील अध्यक्ष श्याम नरायन सिंह ने कहा कि राजस्व वादों को तहसील पर अफसर जान बूझकर लटका रहे हैं। तीन महीने में निस्तारित होने वाले वादों को जान बूझकर सालों तक लटकाया जा रहा है।
भाकियू नेताओं ने कहा कि राजस्व कर्मी काश्तकारों को शोषण कर रहे हैं, लेकिन जिला स्तरीय अफसर मौन हैं। जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति के लिए गांवों में बिछाई गई पाइप लाइन के बाद गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया है जिसमें आए दिन कोई न कोई गिरकर चोटिल हो रहा है। ज्ञापन में बैंक से जुड़ीं समस्याएं, बिजली तार बदलवाने आदि की मांग की गई है। इस मौके पर अनूप चौधरी, महेंद्र प्रताप सिंह, नायब चौधरी, शोभाराम ठाकुर, रमेश सिंह, गयाराम वर्मा आदि मौजूद रहे।