बस्ती। शहर कोतवाली के मुरलीजोत मोहल्ले में घर पर चढ़कर मारपीट का मामला सामने आया है। मुरलीजोत मोहल्ला निवासी शमशाद अहमद ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शनिवार की शाम करीब छह बजे चार लोग उनके घर पहुंचे। यहां उनके बेटे इमरान को बुलाया और उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे व सरिया से लैस होकर आए लोगों ने बेटे को बुरी तरह मारापीटा। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आईं और वह मौके पर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल इमरान को परिवार के लोग अस्पताल ले गए। साथ ही घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शिवम शुक्ला निवासी जिगिना थाना कोतवाली, गौरव पांडेय निवासी जामडीह थाना कोतवाली, अनोमल निवासी पचपेड़िया थाना कोतवाली और रुद्र पता अज्ञात के खिलाफ सिर पर प्राणघातक हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।