पशु चिकित्सक को धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
हर्रैया (बस्ती)। फोन पर पशु चिकित्सक को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को कप्तानगंज पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर एसडीएम हर्रैया के न्यायालय में पेश किया। एसडीएम गुलाब चंद्र ने आरोपी को जेल भेज दिया।
कप्तानगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार राय ने 29 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि जिले के सदर अस्पताल से एलएन-टू (सीमन) लेकर एक व्यक्ति बृहस्पतिवार को आया था। आरोप है कि कंटेनर में गैस नहीं दी जा रही थी। डॉक्टर ने फोन पर आग्रह किया कि कंटेनर में गैस डाल दो नहीं तो गोकुल मिशन का सीमन खराब हो जाएगा।
इस पर वह भड़क गया और फोन पर जान से मारने की धमकी देने लगा। डॉक्टर का आरोप है कि शिकायत करने वह कप्तानगंज थाने पर पहुंचे तो पुलिस कार्रवाई के बजाय डॉक्टर को हो गलत साबित करने में जुट गई। मामला जब सीडीओ डॉ. राजेश प्रजापति के संज्ञान में आया तो कप्तानगंज पुलिस ने तहरीर ली। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुंवर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सोमवार को आरोपी राहुल वर्मा निवासी त्रिलोकपुर थाना कप्तानगंज गिरफ्तार कर लिया गया।