बस्ती। मुंडेरवा थानांतर्गत भैंसवलिया गांव में एक अधेड़ की संदिग्ध हाल में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने स्वाभाविक मौत बताते हुए अंतिम संस्कार कर दिया है। सूचना पाकर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस के अनुसार परिजनों ने पूछताछ में बताया कि रात में गंगाराम खाना खाकर सोए थे। चारपाई पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा करते ग्रामीण नजर आए।
बताया जा रहा है कि भैंसवलिया निवासी गंगाराम चौधरी (60) नशे के आदी थे। उनके तीन बेटे व तीन बेटियां हैं। एक बेटा विदेश में रहकर काम करता है। शुक्रवार को उनकी पत्नी भी एक रिश्तेदार के घर गई थी। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार की शाम परिजनों से गंगाराम का विवाद हुआ था। इसके बाद खाना खाकर घर पर सो गए थे। मृतक के परिजनों का कहना है कि वे नशे के आदी थे। शुक्रवार की शाम खाना सोए थे और चारपाई पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव का आनन-फानन में शनिवार की सुबह परिजनों ने दाह संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष मुंडेरवा दिनेश चंद चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। पता कराया जा रहा है।