संवाद न्यूज एजेंसी
टिनिच, बस्ती। शहर में मजदूरी करक साइकिल से घर लौटते समय घायल हुए गौर थानाक्षेत्र के साड़ी हिच्छा निवासी मजदूर की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
गौर थाना क्षेत्र के साड़ी हिच्छा गांव निवासी 50 वर्षीय जोखू प्रसाद मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। सोमवार को मजदूरी करने जिला मुख्यालय गए थे। शाम को मजदूरी करके वापस साइकिल से घर जा रहे थे। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पिपरा के पास अज्ञात वाहन ने जोखू प्रसाद को ठोकर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जोखू को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान जोखू की बृहस्पतिवार को मेडिकल कालेज में मौत हो गई। जोखू अपने घर में अकेले कमाने वाले थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो अविवाहित बेटियां और एक बेटा है। पुलिस का कहना है कि जोखू को टक्कर मारने वाले वाहन का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पहचान के लिए रास्ते में चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से जानकारी जुटाई जा रही है।