दुबौलिया, बस्ती। बाराबंकी के सफेदाबाद के पास हुई कार दुर्घटना में दुबौलिया थानाक्षेत्र के चिलमा परसन गांव के युवक की मौत हो गई। उसके तीन अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हैं। वे सभी लोग मध्य प्रदेश व राजस्थान के विभिन्न मंदिरों में दर्शन करके लौट रहे थे।
थाना क्षेत्र के चिलमा बाजार निवासी रजनीश अग्रहरी (30), दिनेश चौधरी (28) निवासी सबई घीसा, प्रशांत चौधरी(24), निवासी चिलमा परसन व श्यामपाल चौधरी (30) निवासी रैयल कार से मध्य प्रदेश व राजस्थान टहलने गए थे। शुक्रवार को घर आते समय लखनऊ-बाराबंकी के बीच सफेदाबाद के पास अज्ञात वाहन से कार की टक्कर हो गई, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने जेब से मिले पहचानपत्र को देखकर परिवार के लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग पहुंचे व अस्पताल के लिए ले गए। जहां इलाज के दौरान प्रशांत चौधरी की मौत हो गई। बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
-
ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे प्रशांत
हादसे में जान गंवाने वाले प्रशांत दो भाई और चार बहन थे। वह ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे।मौत होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया शव को मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी में रखा गया है शनिवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव मिल सकेगा।