पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत
सोनहा। डुमरियागंज मार्ग पर सोनहा थाना क्षेत्र के मधवापुर बरगदवा पचमोहनी के पास बुधवार को कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में घायल कार चालक की जिला अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक सोनहा अटल बिहारी ठाकुर ने बताया कि सोनहा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी रवि प्रताप उर्फ सोनू सिंह पुत्र कुलदीप सिंह दिन में तीन बजे कार से घर की तरफ लौट रहे थे। बरगदवा भट्ठे के पास कार अचानक पेड़ से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल रवि को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ ले जाया गया। जहां इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही रवि को मृत घोषित कर दिया गया।