रूधौली थाना क्षेत्र के बस्ती बांसी मार्ग पर स्थित दसिया चौराहे के पास कार और मोटर साइकिल के टक्
- बांसी मार्ग पर रुधौली थाने के दसिया के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के बस्ती बांसी मार्ग पर स्थित दसिया चौराहे के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे अनियंत्रित कार में सामने से आ रही दो बाइकों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इसके बाद उसमें आग लग गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों बाइक सवार मासूम समेत पांच लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना देकर दोनों बाइकें कब्जे में ले ली गई हैं।
सिद्धार्थनगर के पठान पुरवा बांसी निवासी अब्दुल हक (25) व अयूब खान (28) मोटरसाइकिल से रुधौली की तरफ जा रहे थे। उसी तरफ से वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पलान गांव के अभिनेश (18) अपनी बहन शिल्पी (25) व डेढ़ वर्ष की भांजी अदिति को लेकर बाइक से जा रहे थे। अचानक रुधौली से बस्ती की तरफ आ रही कार ने दोनों बाइकों में टक्कर मार दी। दोनों की बाइक व कार सड़क के बगल गड्ढे में जा गिरी और उनमें आग लग गई। कार धू-धू कर जलने लगी, तो उसमें बैठे करीब चार लोग किसी तरह बाहर निकले और गायब हो गए।
इधर दुर्घटना में घायल अब्दुल हक व अयूब को ग्रामीणों ने सीएचसी रुधौली भिजवाया, जबकि दूसरी बाइक सवार भाई, बहन व उनकी डेढ़ वर्षीय मासूम को एक निजी अस्पताल में भिजवाया। दोनों अस्पतालों से डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, विशुनपुरवा चौकी प्रभारी रितेश सिंह व वाल्टरगंज थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे।